श्रीकृष्ण जन्मोत्सव( भजन )
--------------------------------
नन्द घर बाजे बधाई /
सुनो री सखी जन्में कन्हाई //
नन्द हैं आनंद मगन ,झूमने लगा है गगन /
धानी रँग धरा भई , मंद मंद चले पवन //
यमुना की गति ठहराई /
सुनो री सखी जन्में कन्हाई //
बन बन के मनुज देव ,गोकुल में आये /
योगी का रूप धरे , शंकरजी धाये //
नृत्य गान दे रहा सुनाई /
सुनो री सखी जन्में कन्हाई //
ग्वालवाल नाचें हो, ग्वालीनियाँ नाचें/
गायों के बछड़े भी मारें कुलाचें//
नाचें खग मोर घटा छाई /
सुनो री सखी जन्में कन्हाई //
देवियाँ औ देव सभी संग संग नाचें /
ब्रह्माजी नाचें औ शंकरजी नाचें //
दिव्य ज्योति दे रही दिखाई/
सुनो री सखी जन्में कन्हाई//
माता यशोदाजी नजरें उतारें /
जग धर्ता को लल्ला कहके पुकारें//
''मधुकर '' हरि प्रेम लहर आई
सुनो री सखी जन्में कन्हाई
उदय भानु तिवारी ''मधुकर ''
No comments:
Post a Comment