Tuesday, 19 August 2014



                             














तिरंगा

 दुनिया में सबसे न्यारा लहराये तिरंगा प्यारा 
हो गये अमर वे सभी जिन्होंने जीवन इस पर वारा

हर शहीद की शान  यही है    
हम स्वतंत्र पहचान यही है
स्वाभिमान है यही हमारा 
प्रथम गान के योग्य यही है  
झुकते ज्यों ज्यों शीश मचल लहराये तिरंगा प्यारा  /
दुनिया में -----------------------------------------// १ //   

हरा , श्वेत,  केशर  रँग   भाये 
चक्र समय  का  मध्य सुहाये 
ये भारत की शान बढ़ाये
वीरों में उत्साह जगाये
सर्वत्र गूँजता नारा ,है अदभुत  देश हमारा रे /
 दुनिया में ----------------------------------- //२//

हम  तटस्थ  हैं  स्वेत  बताये 
हरा  प्रगति  की झलक दिखाये
मन  विरक्ति  केशरिया  लाये
बने   रौद्र     जो   इसे   जगाये 

वीरों ने इसे सँवारा दे आजाद हिन्द का नारा  /
दुनिया में -----------------------------------//३//   


जब बजा  बिगुल आजादी का 
लक्ष्मी बाई     ने     ललकारा
अँग्रेज   हुकूमत   डोल   गई
हो गया  सजग  भारत सारा
जब  घेर शत्रु दल   मारा लहराया तिरंगा प्यारा   /
दुनिया में -----------------------------------------//४//

नेता सुभाष  की फौजों ने 
अंग्रेजों को चुन चुन मारा 
उनके  छक्के  छूट   गये
था वन्दे मातरम का नारा

सब ओर  एक ही नारा था  यह हिंदुस्तान हमारा रे /
दुनिया में --------------------------------------- //५//

आज़ाद भगत हमजोली से  
घबराये   गोरे    गोली   से 
जो बात बनी ना बोली से   
वह बनी खून की होली  से
अंग्रेज प्रशासन हारा चमका भारत भाग्य सितारा  रे /
दुनिया में ------------------------------------------//६//

डर  लोकतंत्र से भाग गये  
क़ानून पुराने लाद  गये 
बदले  चेहरे  फिर  नये   नये   
इस  भारत  के  दो खण्ड भये 
पाक हिन्द से विलग हुआ ज्यों टूटा नभ से तारा /
दुनिया में ---------------------------------------//७//

झर    झर  झरे  तिरंगे  से   
श्रद्धा   के   सुमन   शहीदों   के 
शीश   झुके   ''मधुकर'' सबके   
गहराये     बादल    यादों    के   
जयघोष करे भारत उनका ,जो बने देश के तारा   /
दुनिया में ---------------------------------------//८//

                                 उदयभानु तिवारी ''मधुकर''  

No comments:

Post a Comment