वह हिन्दुस्तान हमारा
अहिंसा जिसका धर्म महान , तिरंगा शान /
जगत में न्यारा , वह हिन्दुस्तान हमारा //
जगत में न्यारा , वह हिन्दुस्तान हमारा //
है अगम सिन्धु रत्नालय , दक्षिण तिरुपति देवालय
भारत का मुकुट हिमालय ;पर्वत अति भव्य शिवालय
गंगा उदगम स्थान , पुनीत महान भक्तिमय सारा /
वह हिन्दुस्तान हमारा //१//
जहाँ यमुना , गंगा धारा , करतीं भव से उद्धारा
पावन रेवा तट न्यारा ,तापस तप स्थल प्यारा
उद्धारक यश गान , प्रात स्नान करे जग सारा
वह हिन्दुस्तान हमारा //२//
जहाँ राम ,कृष्ण, मुनि जाये, जन्मस्थल सबको भाये
गीता का ज्ञान सुनाये , वे नीति निपुण कहलाये
थी प्रजा सुखी,गुणवान, महाधनवान ,राष्ट्र था प्यारा
वह हिन्दुस्तान हमारा //३//
कोंई राणा गाथा गाये , वीरों में शिवाजी भाये
यहाँ लक्ष्मीबाई , दुर्गा , ने चण्डी रूप बनाये
देश करे यश गान , हिंद की शान देवि अवतारा
वह हिन्दुस्तान हमारा //४//
आज़ाद , भगत के डर से , अंग्रेज , हुकूमत डोली
नेता सुभाष ने खेली , फिर यहाँ खून की होली
युद्ध हुये घमसान , हुये बलिदान , दिया तब नारा
है हिन्दुस्तान हमारा //५/
पन्द्रह अगस्त दिन सारा ,लहराया तिरंगा प्यारा
बापू ने खूब सजा कर ;फूलों से इसे सँवारा
कर शहीदआह्वान,किया ध्वज गान, लगाया नारा
है हिन्दुस्तान हमारा //६//
है हिन्दुस्तान हमारा //६//
यहाँ हिन्दू ;सिक्ख ,ईसाई ;मुस्लिम हैं भाई भाई
आज़ादी के आँगन में, सबने मिल जान गँवाई
सब ईश्वर संतान ,रहे यह ध्यान ,सभी को प्यारा
वह हिन्दुस्तान हमारा //७//
उदयभानु तिवारी "मधुकर"
No comments:
Post a Comment